संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहपुर
Updated Sun, 17 Dec 2023 12:37 AM IST
फतेहपुर। बीजेपी नेत्री के ब्यूटी पार्लर और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पर पड़ोसी दुकानदार ने हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने दुकानदार, उसके भाइयों व पिता पर छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली बीजेपी नेत्री एक ब्यूटी पार्लर और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की संचालिका हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र के पास ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान का संचालक कबीर काफी दिनों से परेशान करता था। वह केंद्र में आने वाली महिलाओं से छेड़खानी और गाली-गलौज करता था। आरोप है कि दुकान संचालक का सहयोग उसके दो भाई और पिता भी करते हैं। महिलाओं से छेड़खानी का 14 दिसंबर को विरोध किया था। दुकान संचालक गुस्से में परिवार के लोगों के साथ केंद्र के अंदर घुस आया। उस पर हमले का प्रयास कर अभद्रता की। केंद्र का बोर्ड समेत अन्य जगह पर तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
इनसेट
बिना जांच के पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
दुकानदार और बीजेपी नेत्री के बीच स्थानीय लोग पुरानी अनबन बताते हैं। चर्चा है कि हमले की घटना पुलिस ने बिना जांच के नेत्री के दबाव में दर्ज की। नेत्री ने मामले में दुकानदार को जेल भिजवाने के लिए पूरी जोर आजमाइश भी की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। दुकानदार ने बताया कि नेत्री 14 दिसंबर की घटना बता रही हैं। इस दिन का पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाले तो सारा माजरा सामने आ जाएगा। पुलिस ने शिकायत की जांच करना तक मुनासिब नहीं समझा। उसे जमानतीय अपराध होने के बाद जबरदस्ती जेल भेजने की कोशिश की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया। एसडीएम कोर्ट से चालान के कागजात ही गायब कर दिए गए। काफी कोशिश के बाद जमानत एसडीएम कोर्ट से मिल सकी। उसने तीन माह पहले डीएम और एसपी से समाधान दिवस में नेत्री से प्रताड़ित होकर गुहार लगाई थी। बताया था कि बीजेपी नेत्री ने 30 हजार रुपये चंदा मांगा था। इतना रुपये देने में असमर्थता जताने पर झूठे आरोप में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी थी।
