फतेहपुर। मां की हत्या के आरोप में जेल में निरुद्ध पिता अब नाबालिग बेटी के हिस्से की आधी संपत्ति नहीं बेच सकेगा। परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश उपाध्याय ने दाखिल वाद पर सुनवाई करते हुए संपत्ति के आधे हिस्से के विक्रय पर रोक लगा दी है।
मलवां थाने के लालपुर बैजानी निवासी हीरालाल पटेल की पुत्री किरन की शादी अप्रैल 2016 में ललौली थाने के खटौली निवासी रोहित पटेल के साथ हुई थी। 19 मार्च 2025 की रात किरन की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
किरन के लेखपाल भाई कुलदीप ने 20 मार्च 2025 को रोहित समेत सात ससुरालियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से रोहित जेल में निरुद्ध है। वह पूरी संपत्ति का इकलौता वारिस है। दंपती की एक पुत्री रिषिका उर्फ डुग्गू है, जिसकी उम्र वर्तमान में करीब आठ साल है। उसका भरण-पोषण नाना हीरालाल के घर पर हो रहा है।
वादी के मुताबिक, उन्हें आशंका थी कि बहन की हत्या के बाद रोहित भांजी के हिस्से की संपत्ति भी बेचना चाहते हैं। इस पर रिषिका की ओर से नाना हीरालाल ने प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय की अदालत में वाद दाखिल किया।
इसमें नाबालिग के भरण-पोषण और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संपत्ति में उसके अधिकार की मांग की गई। मामले में कोर्ट ने रोहित की संपूर्ण संपत्ति में से आधे हिस्से के विक्रय पर रोक लगाने का आदेश दिया है।

