लखनऊ। दिवाली मनाने के बाद राजधानी से वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। इसके साथ ही छठ पर राजधानी आने वाले और यहां से घर जाने वालों की भीड़ उमड़ने से बसों में भी सीटें नहीं मिल रही हैं। इस बीच रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत होने वाले टैबलेट वितरण कार्यक्रम में रोडवेज के लखनऊ परिक्षेत्र के बेड़े की 932 में से 600 बसों को लगा दिया गया है। ऐसे में करीब 15 हजार आम यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी।
लखनऊ परिक्षेत्र के बेड़े की इन बसों का संचालन कैसरबाग, आलमबाग, अवध, चारबाग, बाराबंकी, रायबरेली, हैदरगढ़ आदि डिपो से होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में होने वाले टैबलेट वितरण कार्यक्रम के लिए युवाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने और उन्हें वापस संबंधित जिलों में छोड़ने की जिम्मेदारी परिवहन निगम को दी गई है। इसके लिए रोडवेज की 400 नियमित और 200 अनुबंधित बसों को लगाया गया है। इस कारण आम यात्रियों को होने वाली परेशानी से बचाने के उपायों के संबंध में पूछे जाने पर अधिकारियों ने चुप्पी साध ली।
प्रोत्साहन राशि नहीं होगी प्रभावित
त्योहार पर 300 किलोमीटर तक बस का संचालन करने वाले रोडवेज कर्मियों के लिए प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। ऐसे में टैबलेट वितरण कार्यक्रम में बसें लगाए जाने से इनकी प्रोत्साहन राशि प्रभावित होने की आशंका थी। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मियों की कार्यक्रम में ड्यूटी रहेगी उनका कोटा पूरा माना जाएगा। एमडी प्रभु नारायण सिंह ने भी बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर ड्यूटी करने वाले रोडवेजकर्मियों को प्रोत्साहन राशि का नुकसान नहीं होगा।

