फतेहपुर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए चल रहा यातायात माह भी बेअसर साबित हो रहा है। पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है, नियम तोड़ने वालों के चालान भी कर रही है, लेकिन सड़कों पर लापरवाही जानलेवा बनी हुई है।
नवंबर में अब तक हादसों में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। अक्तूबर में 41 लोगों की जान गई थी। दो महीने में 61 मौतों के बावजूद न सड़क सुरक्षा के इंतजाम सुधरे और न वाहन चालकों की आदतें बदलीं।
जिले में हादसों की आशंका वाले 24 ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। इनमें 19 राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्य राजमार्ग और तीन अन्य मार्गों पर हैं। इन स्थानों पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी सुधार की जरूरत है, लेकिन हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा।
चालान भी नहीं रोक सके लापरवाही
यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर 1269 वाहनों के चालान किए और चार वाहन सीज किए। नशे में वाहन चलाने वाले 18 चालकों के ई-चालान कर 1.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बावजूद बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, गलत दिशा और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने का सिलसिला जारी है।
एक माह के अभियान से कैसे थमेंगे हादसे
यातायात माह में स्कूलों और चौराहों पर हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और नशे में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लेकिन सवाल है कि जागरूकता और चालान के बाद भी हादसे नहीं रुक रहे तो स्थायी सड़क सुरक्षा इंतजाम कब होंगे। ब्लैक स्पॉट का सुधार, नियमित चेकिंग और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती के बिना दुर्घटनाओं पर अंकुश मुश्किल है।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन कराना प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार चालान और कार्रवाई की जा रही है। ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर हादसों के कारणों की समीक्षा की जा रही है। वाहन चालकों को जागरूक भी किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं।
– अभिमन्यु मांगलिक, एसपी।

