फतेहपुर। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (जीवाईसीयू) ने पहल की है। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के क्रम में संस्था ने जिले के सभी राजकीय बालक और बालिका इंटर कॉलेजों में खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराया है। इसमें बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व पुलिस उपाधीक्षक शिव स्वरूप और जिला खेल प्रभारी आशुतोष कुमार की निगरानी में हो रहा है। शिव स्वरूप ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण देकर बड़े मंच तक पहुंचाना संस्था का उद्देश्य है।
जीवाईसीयू महिला विंग की जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता नमिता सिंह के नेतृत्व में महिला कार्यकारिणी भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसमें कंचन धर्मकांति, संगीता यादव, आसिया फारूखी, सुषमा वर्मा, तृप्ति सेठ, वंदना, सीमा भारती, सुलेखा यादव, गीता देवी, वंदना सिंह और अंजली देवी सहित अन्य पदाधिकारी बालिकाओं को प्रशिक्षण देने और उनका उत्साह बढ़ाने में सहयोग कर रही हैं।
संस्था का कहना है कि खेल प्रशिक्षण से बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इस संबंध में संस्था ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर आवश्यक सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

