फतेहपुर। पोरबंदर से दिल्ली और फिर दिल्ली से फतेहपुर तक ट्रेन से सफर कर रहे दंपती के लगेज बैग से चोरों ने लाखों के जेवर पार कर दिए। बैग का बाहरी लॉक सुरक्षित था, जबकि अंदर की चेन खुली मिली। घर पहुंचकर सामान व्यवस्थित करने के दौरान जेवर गायब होने का पता चला। जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर गांव निवासी आनंद सिंह ने बताया कि वह 17 अक्तूबर को पत्नी के साथ ट्रेन संख्या 20937 से पोरबंदर से दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचे थे। 18 अक्तूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से प्रयागराज एक्सप्रेस (12418) के बी-2 कोच में फतेहपुर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उनका लगेज बैग सीट संख्या 52 के नीचे रखा था।
19 अक्तूबर की सुबह करीब 5:20 बजे ट्रेन फतेहपुर स्टेशन पहुंची तो दंपती सामान लेकर उतर गए। बैग का बाहरी लॉक सही मिलने से उन्हें चोरी का शक नहीं हुआ। ऑटो और बस से घर पहुंचने के बाद सुबह करीब सात बजे बैग खोला तो अंदर की चेन खुली मिली।
शाम को पत्नी ने सामान व्यवस्थित किया तो बड़ा और छोटा मंगलसूत्र, डायमंड रिंग, कान के आभूषण, बच्चे की पायल, चांदी के कड़े, अन्य सोने-चांदी के जेवर और चांदी की कटोरी गायब मिली। जीआरपी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जेवर बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

