फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव के मनीष दुबे हत्याकांड में नया घटनाक्रम सामने आया है। मामले के वादी मनीष के पुत्र वैभव समेत सात लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
असनी गांव निवासी मनीष दुबे की 29 अगस्त की रात लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आलमपुर नरही गांव निवासी इंद्रेश उर्फ मनु सिंह और उसका भाई अमन मुख्य आरोपी हैं। दोनों जेल में बंद हैं। अब इस मामले में मनीष के पुत्र वैभव को भी आरोपी बनाया गया है।
इंद्रेश की मां संगीता सिंह ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी चचेरी बहू कल्पना सिंह की असनी में देसी शराब की दुकान किराये पर है। दुकान की देखरेख उनका पुत्र इंद्रेश करता है। घटना वाली रात सेल्समैन गोवर्धन दुकान बंद करने के बाद सो रहा था।
इसी दौरान मनीष और नीरज शराब लेने पहुंचे। दुकान बंद होने के कारण सेल्समैन ने इंद्रेश को बुलाया। सूचना पर इंद्रेश अपने साथी अखिलेश और संजय के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि वहां वैभव और नीरज अपने पुत्र सागर व चार अन्य साथियों के साथ पहुंच गए।
शराब देने से इन्कार करने पर सभी ने इंद्रेश की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। संगीता के मुताबिक, नीरज के कहने पर उसके एक साथी ने इंद्रेश पर गोली चला दी। इस दौरान इंद्रेश जमीन पर गिर पड़ा और गोली मनीष को लग गई।
थाने में शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई तो संगीता ने कोर्ट की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय ने बताया कि शनिवार को कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

