आगरा। एमजी रोड स्थित स्पीड लैब तिराहे पर मंगलवार को प्रस्तावित महान योद्धा राणा सांगा की प्रतिमा स्थापना से जुड़ा आधिकारिक कार्यक्रम टल गया है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह इसकी आधिकारिक घोषणा करने वाले थे। अंतिम समय पर इस कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए स्थगित करने की बात कही गई है।
दूसरी ओर राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम टालने की असल वजह आगामी आयोजनों का सियासी समीकरण है। दरअसल, राणा सांगा पर सपा सांसद रामजीलाल सुमन के एक विवादित बयान के बाद आगरा में क्षत्रिय संगठनों और समाजवादी पार्टी के बीच घमासान मच गया था। उस दौरान भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर सपा की घेराबंदी की थी जबकि सपा ने रणनीतिक चुप्पी साध रखी थी।
मौजूदा समय में आगरा के राजनीतिक मंच पर दलित वोटबैंक को साधने के लिए भाजपा और सपा दोनों ही दल पूरे जोर-शोर से जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में सपा ने आगरा में एक बड़े दलित सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित किया है। भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि यदि दलित सम्मेलन के आसपास राणा सांगा से जुड़ा कोई संवेदनशील मुद्दा दोबारा उठता है तो सपा इसका फायदा उठाकर नए सिरे से सियासी कार्ड खेल सकती है।
ऐसे में भाजपा को आशंका थी कि सम्मेलन के समय इस मुद्दे के गरमाने से उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी संभावित सियासी नुकसान से बचने और जातीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से फिलहाल भूमि पूजन के इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कार्यक्रम संयोजक व पार्षद शरद चौहान का कहना है कि राणा सांगा हर भारतवासी के लिए सम्मानित हैं। अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम टाला गया है। इसे सियासी चश्मे से न देखा जाए।

