फतेहपुर। शहर में सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। महीनों तक धूल के गुबार से परेशान रहे शहरवासियों को हल्की बारिश के बाद कीचड़ और दलदल से जूझना पड़ रहा है।
शादीपुर, नसीपुर, तांबेश्वर और अवंतीबाई नगर समेत कई इलाकों में सड़कों की हालत बदतर हो गई है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। दोपहिया वाहन सवार फिसलकर गिर रहे हैं तो पैदल राहगीरों को भी संभलकर रास्ता पार करना पड़ रहा है।
सीवर लाइन बिछाने के लिए शहर के विभिन्न मोहल्लों में सड़कों की खोदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद कई स्थानों पर सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। इससे सूखी मिट्टी वाहनों के गुजरने पर उड़ती थी और आसपास के घरों व दुकानों में धूल जमा हो जाती थी।
अब बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है। शनिवार को भी कई स्थानों पर राहगीर फिसलकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तेज बारिश भी नहीं हुई है, इसके बावजूद रास्तों की हालत खराब हो गई है। लगातार बारिश होने पर आवागमन और मुश्किल हो जाएगा।
धूल से दुकानदारी प्रभावित, अब कीचड़ से ग्राहक परेशान
शादीपुर निवासी शंकरलाल ने बताया कि सीवर लाइन की खोदाई के बाद से सड़क की हालत खराब है। पहले दिनभर धूल उड़ने से घरों और दुकानों में मिट्टी जमा होती थी। अब बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ फैल गया है। दोपहिया वाहन सवार आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं। काम पूरा होने के बाद समय से सड़क की मरम्मत करा दी जाती तो लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
तांबेश्वर मार्ग निवासी राजेश कुमार ने बताया कि सीवर लाइन के काम के दौरान लोगों ने धूल और शोर की परेशानी झेली। उम्मीद थी कि काम पूरा होने के बाद सड़कें ठीक हो जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब हल्की बारिश में ही रास्ते दलदल बन गए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। गड्ढों में पानी भरने से हादसों का खतरा बना हुआ है।
सीवर लाइन डालने का काम पूरा हो चुके मार्गों की मरम्मत की प्रक्रिया चल रही है। बारिश के कारण मिट्टी और निर्माण सामग्री गीली होने से सड़क निर्माण में दिक्कत आ रही है। मौसम सामान्य होते ही क्षतिग्रस्त मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा।
– प्रशांत पांडेय, अवर अभियंता, अमृत योजना।

फोटो-32-शहर के शादीपुर से सपा कार्यालय मार्ग में भरा दलदल। संवाद

