किशनपुर। थाना क्षेत्र के गुरुवल गांव में युवक की मौत के बाद हत्या की आशंका जताते हुए बड़े भाई ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया। इसके चलते शव दो दिन तक गांव में रखा रहा। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद परिजन को समझाया। इसके बाद विवाद शांत हुआ और अंतिम संस्कार कराया गया।
गांव निवासी शिवनाथ राजमिस्त्री था और पत्नी व बच्चों के साथ कानपुर में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि उसे शराब पीने की आदत थी और वह कुछ समय से बीमार चल रहा था।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कानपुर के एक अस्पताल में लेकर गए थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पत्नी और बच्चे शव लेकर गांव पहुंचे तो बड़े भाई विश्वनाथ ने मौत को लेकर संदेह जताया।
उन्होंने जहर खिलाकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की और अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद परिजन को समझाया। थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराया और अंतिम संस्कार करा दिया।

