फिरोजाबाद के सौ शैय्या अस्पताल (स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय फिरोजाबाद) में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लेबर रूम के पास स्थित मरीज वार्ड में रखे कूलर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही वार्ड धुएं से भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग भूतल स्थित लेबर रूम के पास मरीज वार्ड में रखे कूलर में लगी थी। आग से उठे धुएं के कारण पूरा वार्ड प्रभावित हो गया। पास के वार्ड में भर्ती मरीजों को चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ की मदद से तत्काल दूसरे वार्ड में शिफ्ट कराया गया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के साथ ही स्मोक एग्जॉस्टर की सहायता से वार्ड में भरे धुएं को बाहर निकाला गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
मौके पर मौजूद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सतेंद्र पांडे ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
