– अधीनस्थों को दिए शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। डीएम फिरोजाबाद की अध्यक्षता में थाना शिकोहाबाद में समाधान दिवस का आयोजन किया। इस दौरान 9 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम ने सभी शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया। डीएम संतोष कुमार शर्मा एवं एसएसपी आदित्य लांग्हे दोपहर साढ़े 12 बजे करीब थाना शिकोहाबाद पहुंचे। डीएम फिरोजाबाद की अध्यक्षता में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
समाधान दिवस में ग्राम बोरिया भाग चितावली निवासी राजकुमारी, बलराम सिंह, दलवीर सिंह व शिव सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम चितावली में उन्हें आवंटित कुरे की भूमि पर विपक्षी द्वारा जबरन नींव खोदकर निर्माण किया जा रहा है। ग्राम नगला जवाहर भाग आवंटी निवासी तारा सिंह ने शिकायत की है कि विपक्षियों द्वारा उनके खेत की मेड़ तोड़कर कुछ हिस्से पर अवैध कब्जा कर लिया है।
ग्राम कधरा निवासा सुनील कुमार ने भूमि की पैमाइश के लिए पूर्व में आदेश होने के बावजूद लेखपाल द्वारा टालमटोल किए जाने की शिकायत की। इस पर डीएम ने तत्काल पैमाइश कराए जाने के निर्देश दिए। ग्राम करनपुर निवासी रानू यादव ने ससुराल पक्ष के ग्राम शेखपुरा स्थित मकानों की गाटा संख्या व नंबर की जानकारी दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों ही अधिकारी गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनके साथ एएसपी/सीओ शिकोहाबाद जयबिंद गुप्ता एवं तहसीलदार सनी कनौजिया भी मौजूद रहे।
