Firozabad News: शिकोहाबाद। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह रविवार को फिरोजाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने अरांव विकास खंड के गांव रामनगर में 1 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ठाकुर जी महाराज मंदिर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा शासनकाल को जंगलराज और अराजकता से जोड़ते हुए कहा कि अखिलेश यादव अब हिंदुत्व की पिच पर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इससे उनके पुराने कारनामों पर पर्दा नहीं पड़ सकता।

मीडिया से बातचीत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव के दावों पर पलटवार करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि 2022 के चुनाव से पहले सपा ने मुख्य सचिव से लेकर पूरी कैबिनेट तक का गठन कर लिया था, केवल शपथ लेना बाकी रह गया था, लेकिन जनता ने प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा पिछले दोनों चुनावों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए जनता के आशीर्वाद से फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।

अखिलेश यादव के हिंदुत्व और अयोध्या दर्शन के कार्यक्रम पर तंज कसते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि सपा अब भाजपा की पिच पर खेलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में भगवान राम के अस्तित्व और रामसेतु को लेकर सवाल उठाए गए तथा सनातन परंपराओं को नुकसान पहुंचाने का काम हुआ। अखिलेश यादव इन पुराने मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए हिंदुत्व की राजनीति कर रहे हैं। अयोध्या जाने से पहले अखिलेश यादव को भगवान राम और सनातनियों से माफी मांगनी चाहिए, तभी संभव है कि उन्हें माफ किया जाए।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सपा के घोषणा पत्र और उम्मीदवारों की सूची को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को अवसरवादी और नीति विहीन समझौता बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का गठन ही कांग्रेस की नीतियों के विरोध में हुआ था। मुलायम सिंह यादव ने पूरा जीवन कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन आज केवल भाजपा को हराने के उद्देश्य से दोनों दल साथ आने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गठबंधन तभी सफल होता है, जब दोनों दलों की नीतियां, विचारधारा और मानसिकता एक जैसी हों। सपा-कांग्रेस का गठबंधन केर और बेर जैसा है, जो लंबे समय तक नहीं चल सकता। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दलों के बीच गठबंधन हो या न हो, इससे भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने 50 प्रतिशत से अधिक जनसमर्थन हासिल कर भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

देश में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद की आपत्ति पर भी जयवीर सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन किसी राजनीतिक दल के फायदे के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र और जनता के हित में है। इसके माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता मजबूत होगा। विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों का पुनर्गठन होने से छोटे निर्वाचन क्षेत्र बनेंगे और अधिक लोगों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि प्रतिनिधित्व बढ़ने से जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और विकास कार्यों में भी गति आएगी। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि वह परिसीमन और महिला आरक्षण का विरोध केवल इसलिए कर रही है, क्योंकि वह अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार मौजूदा सीटों की व्यवस्था बनाए रखना चाहती है। उन्होंने करहल और सिरसागंज सीटों का जिक्र करते हुए सपा की राजनीति पर सवाल उठाए।

अंत में पर्यटन मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर चुनाव मैदान में उतरेगी। जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और 2027 में पार्टी पहले से अधिक मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें