Firozabad News: नसीरपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत गढ़सान में एक व्यक्ति के यहां रामायण का पाठ हो रहा था। सोमवार को गांव के ही दो युवक बाइक से शिकोहाबाद से सिलिडंर लेने आए थे। सिलिंडर लेकर जाते समय आटेपुर रोड पर जलालपुर पुलिया के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल आई। यहां पर इमरजेंसी में परीक्षण के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में फिरोजाबाद मेडिकल कालेज भेज दिया।
गढ़सान निवासी राकेश उर्फ गुड्डू के यहां रामायण पाठ था। सोमवार को दावत होनी थी। इस लिए गांव के ही अजय और धर्मवीर काली पल्सर पर सिलिंडर लेने के लिए शिकोहाबाद आए। दोपहर के समय सिलिंडर लेकर जा रहे दोनों युवकों को आटेपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने जलालपुर पुलिया के समीप टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को लेकर अस्पताल आई।
इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अजय (30) को मृत घोषित कर दिया, जबकि धर्मवीर (28) को गंभीर हालत में फिरोजाबाद मेडिकल कालेज भेज दिया। हादसे की जानकारी होते ही मृतक अजय के परिवार में कोहराम मच गया। गांव में धार्मिक आयोजन में भी खलबली मच गई। बाइक को अजय ही चला रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फिरोजाबाद मेडिकल कालेज को और घायल धर्मवीर को उपचार के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कालेज भेज दिया है।
