बाह। भगवान परशुराम की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को बाह कस्बे में भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भदावर पीजी कॉलेज से लेकर परशुराम मंदिर तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा में पूरा माहौल ‘जय परशुराम’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। बैंड-बाजे और फरसा लिए युवाओं के जोश के बीच 8 आकर्षक झांकियों पर कस्बे में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
बाह कस्बे में आगरा इटावा स्टेट हाईवे पर पुष्प वर्षा के बीच जगह जगह पर शोभायात्रा का स्वागत हुआ, आरती उतारी गई, शरबत की प्याऊ लगाई गई। शोभायात्रा मार्ग पर फरसे के साथ ब्राह्मण समाज का जोश देखते ही बना, पूरा माहौल भक्तिमय था। अतिथि पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम धर्म, न्याय और अन्याय के विरुद्ध शक्ति के प्रतीक माने जाते हैं। वर्तमान पीढ़ी के लिए उनका जीवन चरित्र प्रेरणा का स्रोत है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने कहा कि भगवान परशुराम शिव भक्त थे, शस्त्र और शास्त्र के ज्ञान का उनमें अद्भुत समन्वय था। मुकेश बरुआ ने कहा कि भगवान परशुराम ने अपने जीवन में धर्म और न्याय की स्थापना के साथ-साथ समाज में संतुलन और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया था। कहा कि वे केवल योद्धा नहीं थे, बल्कि वेदों के ज्ञाता भी थे। यह दर्शाता है कि शक्ति का उपयोग ज्ञान और मर्यादा के साथ किया जाना चाहिए। सुधीर दुबे ने बताया कि भगवान परशुराम वीरता के सूचक माने जाते हैं। उन्होंने रामायण और महाभारत दाेनों युगों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस दौरान भाजपा के जिलामंत्री सतेन्द्र बरुआ, वेदप्रकाश पचौरी, दयाशंकर बौहरे, पवन चतुर्वेदी, संजू तिवारी, गुड्डू बिधौलिया, राहुल पचौरी, बिल्ला बौहरे, गुड्डू दुबे, रवीकांत मिश्रा, राहुल शर्मा, सुधीर त्रिपाठी, दीपक शर्मा, शैलेश भारद्वाज, ओमवीर उपाध्याय, विशाल अरेला, हरेन्द्र पुरोहित, नंदकिशोर दुबे, विशाल चतुर्वेदी आदि रहे।
सक्रिय रहे जेब कट
– शोभायात्रा मार्ग पर जेब कट सक्रिय रहे। कई लोगों को उन्होंने अपना शिकार बनाया। फोटो खींचते समय श्रीदत्त शर्मा की जेब से भी 17 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने बाह थाने में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जेब कट की तलाश में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
