गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन संबंधी डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में विद्यार्थी ड्रॉप-बॉक्स में लंबित हैं। 27 नवंबर की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार जिले में कक्षा एक से नौ तक के कुल 13,022 पात्र छात्र ड्रॉप-बॉक्स में इंपोर्ट होने से शेष हैं।
इसको गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और ब्लॉक एमआईएस एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को सख्त निर्देश जारी किया है। सभी लंबित पात्र विद्यार्थियों का डेटा शनिवार तक शत-प्रतिशत इंपोर्ट कराने का अल्टीमेटम दिया है ।
रिपोर्ट के मुताबिक कक्षा छह और नौ में सबसे ज्यादा विद्यार्थी लंबित हैं। कक्षा छह में 5175 और कक्षा नौ में 4847 छात्रों का डेटा इंपोर्ट होना शेष है। इन दोनों कक्षाओं के ही 10,022 विद्यार्थी लंबित हैं, जो कुल संख्या का करीब 77 प्रतिशत हैं। ऐसे में विभाग ने इन दोनों कक्षाओं के डाटा को प्राथमिकता के आधार पर अपडेट कराने का निर्देश दिया है।
ब्लॉकवार आंकड़ों में बाराचवर 1411 लंबित छात्रों के साथ पहले स्थान पर है। वहीं कासिमाबाद में 1297, मुहम्मदाबाद में 1248, सैदपुर 1137, भदौरा 1038 और जमानिया में 1034 छात्रों का डाटा इंपोर्ट होना शेष है। अन्य विकासखंडों में भी लंबित विद्यार्थियों का डाटा पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
बीएसए उपासना रानी वर्मा ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर ड्रॉप-बॉक्स में लंबित पात्र विद्यार्थियों का डेटा तत्काल इंपोर्ट कराएं। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
