गोंडा। गल्ला मंडी में एक व्यापारी की दुकान के गल्ले से 1.02 लाख रुपये चोरी हो गए। व्यापारी ने उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के लिलोई निवासी एक व्यक्ति पर रुपये चुराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पंडरी शंकर बहराइच रोड निवासी संतोष शुक्ल ने बताया कि 12 नवंबर को सुबह 10:30 बजे उनका भतीजा अमन शुक्ल दुकान में बैठा था। इसी दौरान वह ग्राहक की गल्ले से लदी ट्रॉली के पास चला गया। इसी बीच दुकान आया एक व्यक्ति गल्ले से एक लाख दो सौ रुपये निकालकर भाग गया। संतोष के मुताबिक, उनके पल्लेदारों ने आरोपी को रुपये ले जाते हुए देखा था। उन्होंने आरोपी से संपर्क किया तो उसने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। दूसरे पक्ष को बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। (संवाद)
