Sonbhadra News: कार्तिक पूर्णिमा की पावन संध्या पर दुद्धी का ऐतिहासिक शिवाजी तालाब मंगलवार को आस्था, श्रद्धा और अलौकिक रोशनी के अद्भुत संगम का साक्षी बना। तालाब के घाटों से लेकर मंदिरों तक हजारों मिट्टी के दीप प्रज्वलित हुए तो पूरा परिसर सुनहरी आभा से जगमगा उठा। जल में झिलमिलाते दीपों की कतारें और चारों ओर गूंजते मंत्रोच्चार ने ऐसा विहंगम दृश्य उपस्थित किया कि वहां पहुंचे लोग कुछ पल के लिए ठहरकर इस अद्भुत छटा को निहारते रह गए। देव दीपावली के इस भव्य आयोजन में पूरा नगर भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।

दीपों की कतारों से सजे सभी घाट और मंदिर

शिवाजी तालाब पर बने ब्रह्मपुत्र, अलकनंदा, गोदावरी, गंगा, यमुना, सरस्वती, वरुणा, नर्मदा, कृष्णा, कावेरी और अस्सी घाट सहित परिसर के सभी मंदिरों को दीपों से सजाया गया। जैसे-जैसे शाम गहराती गई, वैसे-वैसे दीपों की रोशनी पूरे तालाब परिसर को अपने आगोश में लेती गई। पानी की सतह पर प्रतिबिंबित होती दीपों की लौ ने दृश्य को और भी आकर्षक बना दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो धरती पर ही देवलोक उतर आया हो। परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर दीपदान किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया शुभारंभ

आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने पत्नी कुसुम गुप्ता के साथ तथा एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद किया। इसके बाद घाटों और मंदिरों में दीप प्रज्वलन का सिलसिला शुरू हुआ। आयोजन में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। कई नवविवाहित जोड़े भी इस यादगार शाम को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। लोगों ने परिवार के साथ दीपदान कर इस धार्मिक परंपरा में सहभागिता निभाई।शिवाजी तालाब पर आयोजित गंगा आरती समारोह ने देव दीपावली की भव्यता में चार चांद लगा दिए। वाराणसी से आए पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक विधि से मां गंगा की आरती की। शंखध्वनि, घंटियों की गूंज और आरती के दौरान उठती दीपशिखाओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आरती के इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग तालाब परिसर में जुटे रहे। श्रद्धालु हाथ जोड़कर आराधना करते और इस अलौकिक क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में संजोते दिखाई दिए।

सामाजिक संगठनों की सहभागिता से आयोजन बना भव्य

देव दीपावली के इस आयोजन को सफल बनाने में तहसील प्रशासन परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तहसील के अधिकारियों, कर्मचारियों, कानूनगो और लेखपालों ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। इसके साथ ही श्री रामलीला कमेटी, श्री जय बजरंग अखाड़ा समिति, युवा स्वर्णकार संघ और दुर्गा पूजा समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी आयोजन में भागीदारी निभाई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दीपदान और आरती में शामिल हो सके।गंगा आरती कार्यक्रम में संयोजक अरुण कनौजिया, सुरेन्द्र गुप्ता, देवेश मोहन और रामपाल जौहरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। हजारों दीपों की रोशनी, धार्मिक अनुष्ठानों और सामूहिक सहभागिता ने दुद्धी की इस शाम को यादगार बना दिया। शिवाजी तालाब पर सजी दीपमालाओं की छटा देर रात तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।



Source link