मनकापुर। बैरीपुर रामनाथ गांव के पास शुक्रवार रात 08:30 बजे दो ट्राला जोड़कर ले जा रहे ट्रैक्टर की बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार प्रदीप कुमार (22) निवासी अंधियारी दौलतियापुर और एक अज्ञात महिला (24) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रदीप के साथी हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मनकापुर-उतरौला मार्ग पर दोनों शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग पर दो ट्राला जोड़कर चलने वाले ट्रैक्टरों से पहले भी हादसे हो चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। मौके पर पहुंचे एसडीएम उदित पवार और सीओ उदित नारायण पालीवाल ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया। इस पर रात 11:30 बजे जाम समाप्त हुआ। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राला छोड़कर भाग गया। प्रदीप के पिता सत्यनारायण की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीओ ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राला कब्जे में ले लिया गया है। पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
———
पिता सदमे में, बिलख रही पत्नी
प्रदीप दिल्ली में मजदूरी करते थे और छठ पूजा से पहले घर आए थे। उनकी शादी दिसंबर 2024 में रुचि से हुई थी। एक साल का बेटा है। प्रदीप की मां गुड़िया की आठ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। अब प्रदीप की मौत से पिता सदमे में हैं। पत्नी रुचि भी बिलख रही हैं।
————
पहले भी हो चुके हैं हादसे
बैरीपुर रामनाथ के पास तीन जनवरी 2019 को ट्रैक्टर-ट्राला की चपेट में आने से दत्तूपुर निवासी प्रशांत पांडेय उर्फ चंदन (18) और उनके चचेरे भाई अमन दुबे (18) की मौत हो गई थी। दोनों मनवर चौराहा-झिलाही मार्ग पर हादसे का शिकार हुए थे। एक बार फिर हुए हादसे ने ग्रामीणों को उस घटना की याद दिला दी।

प्रदीप की फाइल फोटो व मार्ग पर जाम लगाकर बैठे ग्रामीण। संवाद
