मीराभवन स्थित स्टेडियम में शनिवार को जिला कबड्डी एसोसिएशन की ओर से सीनियर पुरुष जिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल में संस्कार ग्लोबल ने स्टेडियम को 37-35 अंकों से मात देकर खिताब जीता।
प्रतियोगिता में जिले की आठ टीमों ने दमखम दिखाया। शुभारंभ जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। पहले सेमीफाइनल में संस्कार ग्लोबल ने इंटर कॉलेज दिलीपपुर को 25-22 अंकों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में स्टेडियम की टीम ने मोहनगंज को 25-20 से शिकस्त दी।
फाइनल में संस्कार ग्लोबल और स्टेडियम के बीच मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। अंतिम क्षण में संस्कार ग्लोबल ने दो अंकों की बढ़त बनाते हुए 37-35 से मुकाबला जीत लिया।
निर्णायक लालमणि सिंह, आसिफ खान और शैलेश सिंह रहे। स्कोरिंग सृष्टि मिश्रा, वाहिद खान और रमजान ने की। समापन समारोह में प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
एसोसिएशन के सचिव डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दीपू मिश्रा, आदर्श प्रताप सिंह, मो. सकलेन, मो. अकमल, सौरभ निर्मल, मो. सादिक, अमन यादव, सिराज, अंबुज यादव, देवेश मिश्र, ऋषभ सिंह, आदर्श सिंह और अखंड प्रताप सिंह का चयन प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। कैंप के अंतिम दिन पांच से आठ दिसंबर तक रायबरेली में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम घोषित की जाएगी।
