गोंडा. उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में किसान अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ सब्जियां उगाकर भी अच्छी आमदनी कर रहे हैं. जिले के विकासखंड वजीरगंज के रहने वाले किशनलाल मौर्य ने आठवीं तक पढ़ाई करने के बाद खेती-किसानी को अपना रोजगार बना लिया. आज वह करीब एक एकड़ जमीन में गोभी की खेती कर रहे हैं. वह रासायनिक खाद का कम से कम इस्तेमाल करते हैं और जैविक खाद को प्राथमिकता देते हैं. लोकल 18 से किसान किशनलाल बताते हैं कि आठवीं कक्षा के बाद वह आगे पढ़ाई नहीं कर सके, क्योंकि उनके पिता का निधन हो गया था. इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई. ऐसे में उन्होंने पढ़ाई छोड़कर खेती-किसानी शुरू कर दी. शुरुआत में उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और खेती करने के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं थे. उन्होंने किसी तरह पैसों का इंतजाम किया और नकदी फसलों की खेती पर ध्यान देना शुरू किया.
सब्जी की खेती ही क्यों
किशनलाल मौर्य बताते हैं कि वह पिछले करीब 15 साल से खेती-किसानी कर रहे हैं. जब उन्होंने गोभी की खेती शुरू की थी, उस समय उनकी उम्र करीब 18 साल थी. शुरुआत में उन्होंने ढाई बीघा जमीन में गोभी लगाई थी. धीरे-धीरे अनुभव बढ़ता गया और खेती का दायरा भी बढ़ा. आज वह करीब एक एकड़ जमीन में गोभी की खेती कर रहे हैं. किशनलाल का कहना है कि सब्जियों की खेती में अच्छी बात यह है कि किसानों को नकद पैसा मिल जाता है.
एक एकड़ में कितनी लागत
किशनलाल बताते हैं कि वह गोभी की खेती में रासायनिक खाद का इस्तेमाल बहुत कम करते हैं. उनकी कोशिश रहती है कि खेत में जैविक खाद का अधिक प्रयोग किया जाए. इसके लिए वह सड़ी हुई गोबर की खाद और वर्मी कंपोस्ट का इस्तेमाल करते हैं. उनका मानना है कि खेती में मिट्टी की सेहत का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. किशनलाल के खेत में तैयार होने वाली देसी किस्म की गोभी की बाजार में अच्छी मांग रहती है. उनकी गोभी की सप्लाई वजीरगंज और गोंडा की सब्जी मंडियों में होती है. गांव में किसी के यहां शादी-विवाह होने पर लोग सीधे उनके खेत से गोभी खरीदकर ले जाते हैं. एक एकड़ में गोभी की खेती में 40 से 50 हजार रुपये की लागत आई है. एक से डेढ़ लाख रुपये तक की आमदनी होने की उम्मीद है.
विज्ञापन
जीरो से शुरू किया सफर
किशनलाल बताते हैं कि उन्होंने महज 10 हजार रुपये से खेती की शुरुआत की थी. उस समय आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन मेहनत और लगन से उन्होंने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई. आज उनका लाखों रुपये का कारोबार हो रहा है. गांव के लोग उन्हें मुखिया के नाम से बुलाते हैं, क्योंकि वह दूसरे किसानों को भी खेती से जुड़ी सलाह और सुझाव देते रहते हैं. उनका कहना है कि अगर किसान मेहनत और सही तरीके से खेती करें तो कम जमीन में भी अच्छी आमदनी कर सकते हैं.
