मौदहा कस्बा स्थित एक गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ डीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने मौके पर जाकर जांच की। जहां गैस की डोर टू डोर डिलीवरी न की जाने व कार्यालय बंद रहने और गैस सिलिंडर की तिथिवार वितरण न किए जाने व 134 खाली व 14 भरे सिलिंडर बरामद होने पर गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत सौंपी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गैस वितरण में मनमानी किए जाने की शिकायत पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक से जांच कराई थी। उपभोक्ताओं ने बयान देकर गैस वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पूर्ति निरीक्षक आशुतोष ने बताया कि एक उपभोक्ता ने फोन से सूचना दी थी कि गैस एजेंसी संचालक द्वारा होम डिलीवरी नहीं की जा रही है और वितरण में मनमानी की जा रही है। मौके पर जाकर जांच की तो एजेंसी संचालक होम डिलीवरी के बजाय गल्ला मंडी से सिलिंडर वितरण करते पाया गया। गैस कनेक्शन धारकों का आरोप है कि एजेंसी का कार्यालय अक्सर बंद रहता है।
कई उपभोक्ताओं को गैस के लिए कई दिनों से दौड़ाया जा रहा है और गैस सिलिंडर का तिथिवार वितरण भी नहीं किया जा रहा है। जो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत गंभीर मामला है। जांच में 134 खाली व 14 भरे सिलिंडर बरामद हुए हैं जो पुलिस के सुपुर्द किये गए हैं। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक द्वारा कस्बे की एक गैस एजेंसी संचालक के पास से 148 सिलिंडर बरामद कर उन्हें सौंपे हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।