एनपीके खाद के बैग पर 600 रुपये तक की बढ़ोतरी, कीटनाशक और ढुलाई भी हुई महंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश के बागवानों पर महंगाई की मार लगातार बढ़ रही है। बगीचों में इस्तेमाल होने वाली रासायनिक खादों के दाम पिछले साल के मुकाबले 500 से 600 रुपये प्रति बैग तक बढ़ गए हैं। इससे सेब सहित अन्य फलों के उत्पादन की लागत में इजाफा हुआ है और बागवानों का आर्थिक गणित बिगड़ने लगा है।
नई दरों के अनुसार 50 किलोग्राम एनपीके खाद का बैग पिछले वर्ष 1750 रुपये में मिलता था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 2250 रुपये हो गई है। वहीं, 12:32:16 खाद का बैग 1850 रुपये से बढ़कर 2450 रुपये का हो गया है। इसके अलावा कीटनाशकों, फफूंदनाशकों, पैकेजिंग सामग्री और ढुलाई का खर्च भी बढ़ रहा है। दूसरी ओर, मंडियों में फलों के दाम उत्पादन लागत के अनुपात में नहीं बढ़ रहे हैं। ऐसे में छोटे और मध्यम बागवानों के लिए बगीचों का रखरखाव करना चुनौती बनता जा रहा है।
कुल्लू फलोत्पादक मंडल के प्रधान प्रेम शर्मा ने खादों की बढ़ती कीमतों पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और बागवानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन खेती और बागवानी में इस्तेमाल होने वाले जरूरी संसाधन लगातार महंगे हो रहे हैं। बढ़ती लागत से बागवान आर्थिक दबाव में हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से खादों की कीमतों पर अंकुश लगाने और सब्सिडी के माध्यम से राहत देने की मांग की है।
