महोबा। सड़क निर्माण और पेयजल आपूर्ति करने वाली संस्थाओं की लापरवाही व आपसी खींचतान का खामियाजा शहर की डेढ़ लाख आबादी भुगत रही है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन टूटने के बाद तीन दिन तक शहर में पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंची। हैरानी की बात यह है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद दो दिन तक मरम्मत का काम ही शुरू नहीं कराया गया। अब लाइन दुरुस्त होने के बाद भी पानी की आपूर्ति बहाल करने में एक दिन और लगने की बात कही जा रही है। ऐसे में जिम्मेदार संस्थाओं के बीच तालमेल की कमी से शहरवासी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।

यूपी-एमपी सीमा पर स्थित उर्मिल बांध से महोबा शहर को पेयजल आपूर्ति की जाती है। कानपुर-सागर हाईवे पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान 24 नवंबर को बसौरा गांव के पास मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पूरे शहर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई।

विभागीय स्तर पर दो दिन में लाइन दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल का दावा किया गया था, लेकिन शुक्रवार को तीसरे दिन भी लोगों को पानी नहीं मिला। बताया गया कि शुरुआती दो दिन तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। शुक्रवार को लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू हुआ। यदि समय रहते मरम्मत करा दी जाती तो लोगों को इतनी लंबी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। मोहल्लों में रहने वाले लोग आसपास के हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों से पानी ढोकर ला रहे हैं। कई परिवारों को टैंकरों के भरोसे रहना पड़ रहा है।

सड़क निर्माण कंपनी का दावा, लाइन कर दी दुरुस्त

बंसल कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक योगेंद्र शर्मा ने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य के दौरान पेयजल की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पानी भरा होने से उसे खाली कराने में समय लगा। कंपनी की ओर से शुक्रवार सुबह पाइपलाइन की मरम्मत करा दी गई है। लाइन दुरुस्त होने के बाद अब पेयजल आपूर्ति बहाल करना संबंधित जलापूर्ति संस्था की जिम्मेदारी है।

जलापूर्ति संस्था बोली, टंकियां भरने में लगेगा समय

बृज बैंको कंपनी के प्रबंधक शैलेष सिंह ने बताया कि शुक्रवार को टूटी पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई है। इसके बाद पंप चालू कर टैंक भरने का काम शुरू कराया गया। इसमें करीब चार घंटे लगे। श्रीनगर से महोबा तक 20 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भरने में सात से आठ घंटे लगेंगे। इसके बाद शहर की पानी की टंकियों को भरने में करीब 20 घंटे का समय लगेगा। इस प्रक्रिया के बाद रविवार से पेयजल आपूर्ति बहाल हो सकेगी।

पानी के इंतजाम में भटक रहे लोग

फोटो 27 एमएएचपी 19 परिचय-अज्जू। संवाद

शहर के अज्जू ने बताया कि तीन दिन से घर में नल से पानी नहीं आया है। पीने के पानी से लेकर खाना बनाने और अन्य घरेलू कामों के लिए भी बाहर से पानी लाना पड़ रहा है। सुबह से ही पानी का इंतजाम करने में समय निकल जाता है।

——-

फोटो 27 एमएएचपी 20 परिचय-तौफीक। संवाद

आल्हा चौक निवासी तौफीक बताते हैं कि घर में छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं। पानी के बिना रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। कई बार जिम्मेदारों से आपूर्ति शुरू होने की जानकारी ली लेकिन हर बार जल्द पानी आने का आश्वासन ही मिला।

——-

वर्जन

सड़क निर्माण के दौरान बंसल कंपनी से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। उन्हें मरम्मत के लिए दो दिन का समय दिया गया था। समय पर काम पूरा न करने पर फर्म को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, पेयजल आपूर्ति करने वाली कंपनी को शनिवार से आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। – एके शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल निगम नगरीय।



Source link

अभी अभी की खबरें