महोबा। अपराधियों पर शिकंजा कसने और लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की जाए।

डीएम ने सभी एसडीएम को निरोधात्मक कार्रवाई कर अराजकतत्वों को पाबंद करने को कहा। निदेशक अभियोजन को लंबित मुकदमों की प्राथमिकता के आधार पर पैरवी कराकर शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में विशेष गंभीरता बरतने के साथ अपहृतों को जल्द तलाशने पर जोर दिया।

सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय करने और भूमि विवाद व पत्थरगड्डी के मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी शशांक सिंह, एडीएम इंद्र नंदन सिंह, एएसपी वंदना सिंह आदि मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें