Hapur News: सड़क पर दौड़ते वाहनों की रफ्तार कब किसी परिवार की जिंदगी में मातम का साया ले आए, इसका दर्दनाक मंजर निजामपुर बाइपास पर देखने को मिला। बाजार जा रहे एक युवक के सामने ही उसके माता-पिता तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक कुछ मीटर पीछे दूसरी बाइक से चल रहा था। उसने अपनी आंखों के सामने टैंकर को माता-पिता की ओर काल बनकर बढ़ते देखा, लेकिन पलक झपकते ही सबकुछ बिखर गया। हादसे में पिता के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि मां का कंधा टूट गया। टक्कर मारने के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में दोनों को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पिता की हालत नाजुक बनी हुई है।

कट बंद होने के कारण सड़क किनारे रोकी थी बाइक

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अयादनगर दक्षिणी निवासी मनु शर्मा 19 नवंबर को अपने माता-पिता के साथ अलग-अलग बाइकों से बाजार जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे तीनों निजामपुर बाइपास पर पहुंचे। यहां सड़क निर्माण कार्य के चलते कट बंद था। इस कारण उनके पिता ने बाइक सड़क किनारे रोक दी। पिता शौच के लिए खड़े हो गए, जबकि मां बाइक के पास मौजूद थीं। मनु अपनी बाइक से उनसे करीब तीन मीटर पीछे चल रहे थे।

पहले बेटे की बाइक को लिया चपेट में, फिर माता-पिता पर चढ़ा टैंकर

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में लहराता हुआ एक टैंकर आया। आरोप है कि चालक वाहन को बेहद लापरवाही से चला रहा था। टैंकर ने पहले मनु की बाइक को भी अपनी चपेट में लेने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह बच गए। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क किनारे खड़े उनके माता-पिता से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में मनु के पिता के सिर में गंभीर चोट आई और वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए। वहीं मां के कंधे की हड्डी टूट गई। उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल दंपती को संभाला और टैंकर चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।

देवनंदनी से मेरठ रेफर, पिता की हालत नाजुक

मनु ने किसी तरह अपने घायल माता-पिता को देवनंदनी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का मेरठ के नागर अस्पताल में उपचार चल रहा है। पिता की हालत नाजुक बताई जा रही है। बेटे के सामने हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित मनु शर्मा की तहरीर के आधार पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें