हापुड़। गर्मियों में बिजली की बढ़ती मांग और ओवरलोडिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के तीनों डिवीजन में बिजनेस प्लान के तहत बिजली व्यवस्था को मजबूत करने का काम शुरू हो गया है। इसके तहत ओवरलोडिंग वाले क्षेत्रों में 436 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी, जबकि 252 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।

ऊर्जा निगम की ओर से गर्मियों से पहले सभी प्रस्तावित कार्यों को पूरा कराने की तैयारी है। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार गर्मियों में एसी, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की मांग में इजाफा होता है। ऐसे में ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर फुंकने और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या सामने आती है। बिजनेस प्लान के कार्य पूरे होने से इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

इसके अलावा बिजली लाइनों का निर्माण और फीडरों का बाइफरकेशन भी किया जाएगा। आबादी वाले फीडरों से देहात क्षेत्र के फीडरों को पूरी तरह अलग किया जाएगा। इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था स्वतंत्र रूप से संचालित हो सकेगी। साथ ही प्रोटेक्शन और विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे।

इन कार्यों से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था

* 436 ट्रांसफार्मर : क्षमता वृद्धि की जाएगी।

* 252 ट्रांसफार्मर : नए स्थापित किए जाएंगे।

* लाइन निर्माण : जरूरत के अनुसार नई बिजली लाइनें बनाई जाएंगी।

* फीडर बाइफरकेशन : आबादी और देहात के फीडर अलग होंगे।

* प्रोटेक्शन कार्य : सीटी/पीटी और वीसीबी मशीनें लगाई जाएंगी।

* सुदृढ़ीकरण : डब्ल्यूटीआई और ओटीआई से संबंधित कार्य कराए जाएंगे।

बिजनेस प्लान में स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली की आपूर्ति मिल सके। कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। – सुभाष चंद्र, अधीक्षण अभियंता



Source link

अभी अभी की खबरें