हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने बुधवार देर रात लगभग पूरी रात चलने वाली रेलवे रोड पर स्थित राजधानी मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए शटर तोड़ दिया और गल्ले से करीब 50-60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह मेडिकल स्टोर का शटर टूटा देखकर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। रेलवे रोड जैसे क्षेत्र में हुई चोरी से लोग पुलिस की गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।

मोहल्ला कलेक्टर गंज निवासी विशाल चुग व विकास चुग का रेलवे रोड पर राजधानी मेडिकल स्टोर है। बुधवार की देर रात करीब सवा 11 बजे दोनों भाई स्टोर को बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार की सुबह आसपास के लोगों ने स्टोर का शटर टूटा हुआ देखा तो इसकी सूचना दोनों भाईयों व पुलिस को दी। सूचना पर दोनों भाई व पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां पहुंचने पर सभी देखा कि स्टोर का शटर चोरों ने उखाड़ रखा था। मेडिकल स्टोर में चोरी की सूचना पर आसपास के लोग भी काफी संख्या में यहां एकत्र हो गए।

विशाल चुग ने बताया कि स्टोर की जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 50-60 हजार रुपये की नकदी को चोर चोरी कर फरार हुए हैं। उनकी दुकान के सीसीटीवी कैमरे पिछले आठ दस दिन से खराब पड़े थे। जिन्हें उन्होंने ठीक कराने के लिए कह रखा था। हालांकि लोगों में लगातार हो रही चोरियों की घटनाओं को लेकर रोष व्याप्त है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस टीम स्टोर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में चोरों की पहचान कर जल्द चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।

हाल फिलहाल हुईं चोरी की प्रमुख घटनाएं

1. 21 नवंबर 2026: थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के भदस्याना गांव निवासी किराना व्यापारी के घर से लाखों रुपये के गहने व 55 हजार रुपये की नकदी चोरी।

2. 30 अक्तूबर 2026: थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव खिलवाई निवासी महावीर सिंह के घर से 60 हजार रुपये की नकदी चोरी, सीसीटीवी में हुई थी चोरी की घटना कैद।

3. 21 सितंबर 2026: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुरा निवासी कविता त्यागी के घर से दो से ढाई लाख रुपये की नकदी व गहने चोरी।

4. 30 जून 2026: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधापुरी निवासी नरेंद्र गोयल की रेलवे रोड स्थित केशव पान कार्नर दुकान से दो लाख रुपये की सिगरेट व अन्य सामान और 80 हजार रुपये की नकदी चोरी।



Source link