Hapur News: जनसैलाब का सैलाब, गंगा के घाटों पर आस्था का समंदर और लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही… इतने बड़े आयोजन में व्यवस्था बनाए रखना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन हापुड़ पुलिस और प्रशासन ने अपनी रणनीति, मुस्तैदी और बेहतर समन्वय से कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेला-2026 को सकुशल संपन्न करा दिया। मेले की शानदार व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों से प्रभावित मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने हापुड़ पुलिस की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाते हुए इस उपलब्धि को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया।डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि दीपावली के बाद आयोजित गढ़ गंगा मेले में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ को सकुशल नियंत्रित करना बड़ी उपलब्धि है। इतनी विशाल भीड़ के बावजूद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की कार्यकुशलता, बेहतर योजना और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस बार वह स्वयं पांच से अधिक बार मेला स्थल का भ्रमण कर चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए जो निर्देश दिए गए थे, उनका जनपदीय पुलिस ने पूरी दक्षता के साथ अनुपालन किया।

पांच से ज्यादा बार पहुंचे DIG, हर व्यवस्था पर रखी नजर

गढ़ गंगा मेले की संवेदनशीलता और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इस बार सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की। उन्होंने पांच से अधिक बार मेला स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहे। खासतौर पर रात के समय पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई और वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहे।

पहली बार पीपा पुल बना आकर्षण, दो मेलों के बीच आसान हुआ सफर

इस बार गढ़ गंगा और अमरोहा के तिगरी मेले को जोड़ने के लिए पहली बार पीपा पुल का निर्माण कराया गया। दोनों जनपदों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के चलते इस पुल पर आवागमन को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया। श्रद्धालुओं ने इसका भरपूर उपयोग किया और दोनों ओर लगने वाले मेलों का आनंद उठाया। इतने बड़े स्तर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद समन्वय बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि रहा।

ड्रोन और IP कैमरों से तीसरी आंख बनी पुलिस की ताकत

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया। इंटरनेट आधारित IP कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी की गई। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अराजक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एडवांस्ड सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया। इसका परिणाम रहा कि मेले के दौरान अफवाह और अव्यवस्था फैलने की कोई बड़ी स्थिति सामने नहीं आई। किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर कम से कम समय में उसका समाधान कराने का प्रयास किया गया।

नावों पर लाइफ जैकेट अनिवार्य, जल पुलिस से लेकर NDRF तक तैनात

गंगा में स्नान और नौकायन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। नावों पर लाइफ जैकेट की उपलब्धता अनिवार्य की गई। जल पुलिस के साथ बाढ़ राहत कंपनी, NDRF और SDRF की टीमें भी मुस्तैद रहीं। इसके अलावा ATS, PAC, सशस्त्र पुलिस, LIU, मेला सेल, होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल, ग्राम प्रहरी, घुड़सवार पुलिस, फायर सर्विस और यातायात पुलिस समेत विभिन्न इकाइयों ने मोर्चा संभाला।

दिल्ली-नोएडा से मुरादाबाद तक बना बेहतर तालमेल

मेले में यातायात का दबाव केवल हापुड़ तक सीमित नहीं था। आसपास के जनपदों और राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ऐसे में मेरठ रेंज पुलिस का मुरादाबाद रेंज, गाजियाबाद, दिल्ली और नोएडा की यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय रहा। इसका फायदा यातायात प्रबंधन में मिला और बाहरी मार्गों पर भी व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।

‘टीम भावना से संपन्न हुआ पूरा आयोजन’

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इस सफल आयोजन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया बंधुओं, समाज के संभ्रांत व्यक्तियों, मेला समिति के पदाधिकारियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सफलता किसी एक विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

सिविल पुलिस से लेकर सशस्त्र पुलिस, पीएसी, एलआईयू, होमगार्ड, जल पुलिस, फायर सर्विस, वायरलेस विभाग और आपदा राहत एजेंसियों ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। सभी के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला, जो बेहद सराहनीय है।उन्होंने हापुड़ के जिलाधिकारी कविता मीणा और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह के नेतृत्व में किए गए प्रयासों की भी सराहना की। अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कुशल नेतृत्व से वर्ष 2026 का कार्तिक पूर्णिमा मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



Source link

अभी अभी की खबरें