शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी शूटर सत्यम कादियान की फेसबुक आईडी पर फिर नई पोस्ट साझा की गई है। इस पोस्ट में एक उद्धरण और सोनीपत की मन्नत हवेली के बाहर कार के साथ एक फोटो शामिल है। लगातार अपडेट हो रही इस आईडी से सवाल उठ रहे हैं कि इसका संचालन कौन कर रहा है।
अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली के आर्यपुरी में जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की थी। 31 अगस्त को पुलिस ने मुठभेड़ में हत्याकांड में शामिल शूटर सुमित और मोहित को मार गिराया था। सत्यम कादियान और आर्यन संधू अभी भी वांछित हैं। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस दोनों को भगोड़ा घोषित कराने के साथ उनकी संपत्ति भी कुर्क कर चुकी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, सत्यम और आर्यन की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उनकी तलाश में प्रयास जारी हैं।
-फेसबुक पोस्ट पर यह लिखा
सत्यम के नाम से संचालित फेसबुक आईडी पर लगातार पोस्ट, फोटो और स्टेटस अपडेट किए जा रहे हैं। नई पोस्ट में लिखा है, ”हमें शौक नहीं दूसरों की महफिल में बैठने का, लाल हम अकेले बैठकर भी लोगों की नजरों में खूब खटकते हैं।” इससे पहले भी उसके नाम से सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट सामने आई थीं। यह सवाल उठ रहा है कि वांछित सत्यम खुद आईडी चला रहा है या कोई दूसरा व्यक्ति उसके नाम से पोस्ट कर रहा है।
-पुलिस बोली-आईडी कोई और इस्तेमाल कर रहा
फोटो से सत्यम के सोनीपत में होने की पुष्टि नहीं होती है। लगातार अपडेट हो रही आईडी के पीछे सक्रिय व्यक्ति की पहचान पुलिस के लिए जांच का विषय है। पुलिस का मानना है कि यह आईडी किसी और द्वारा संचालित की जा सकती है। पुलिस टीमें वांछितों की तलाश में जुटी हैं।
