हरियाली तीज का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में तीज का रंग चढ़ने लगा है। महिलाओं में त्योहार की तैयारियों को लेकर खासा उत्साह है। इस बार पारंपरिक परिधान के साथ राजवाड़ा लुक का क्रेज बढ़ा है। खासकर हरे रंग की राजवाड़ा और गोटा-पट्टी डिजाइन वाली साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।
मैरिस रोड स्थित एक साड़ी शोरूम के संचालक संजय अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार हरे रंग की साड़ियों की मांग अधिक है। राजवाड़ा डिजाइन की साड़ियों में फैशन के साथ पारंपरिकता का मेल होने के कारण इनकी मांग बढ़ी है।
सेंटर पॉइंट स्थित एक ब्यूटी पार्लर की मंजू मित्तल ने बताया कि हरियाली तीज महिलाओं के लिए विशेष पर्व है। इस दिन शृंगार में हरे रंग को प्राथमिकता दी जाती है। इस बार राजवाड़ा स्टाइल मेकअप, पारंपरिक ज्वेलरी और मेहंदी का खास क्रेज है। हरे रंग के महत्व को देखते हुए ग्रीन नेल आर्ट भी महिलाओं को आकर्षित कर रहा है। इसमें हरे रंग के साथ पारंपरिक डिजाइन और छोटे-छोटे पैटर्न बनाए जा रहे हैं। राजवाड़ा लुक को पूरा करने के लिए झुमके, मांग टीका और हार समेत पारंपरिक आभूषणों की मांग भी बढ़ी है।
