हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के गांव गारवगढ़ी में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां धर्म परिवर्तन के संदेह में एक पिता ने अपने ही बेटे और पुत्रवधू को पंचायत के सामने न केवल बेरहमी से पिटवाया, बल्कि उनके गले में जूतों की माला डालकर उन्हें पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आनन-फानन कार्रवाई शुरू की गई।
पीड़ित युवक बलराम (35) पुत्र शिवराज व उसकी पत्नी रानी आगरा में रह रहकर झूला झुलाने का काम करते थे। होली पर करीब डेढ़ महीने पहले बलराम पत्नी व 13 वर्षीय बेटे के साथ गांव आ गया था तथा तब से यहीं रह रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि परिजनों को काफी समय से उनके हाव-भाव और पूजा-पाठ के तौर-तरीकों को लेकर संदेह था। पति-पत्नी परिवार के सदस्यों से ज्यादा बात नहीं करते थे।
इसी शक को दूर करने के लिए सोमवार को गांव में एक पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान जब दंपती से पूछताछ की गई, तो कथित तौर पर उनके धर्म परिवर्तन की बात सामने आई। राज खुलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। कानून को हाथ में लेते हुए पिता व भाइयों ने बलराम के साथ मारपीट कर दी। बचाव में आई रानी को भी पीटा। इसे बाद क्रूरता की हदें पार करते हुए दोनों के गले में जूतों की माला डाल दी गई और परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें अपमानित करने के उद्देश्य से गांव की गलियों में घुमाया गया। साथ ही समाज से बहिष्कार करने की बातें कही गईं।
धर्म परिवर्तन किए जाने के शक पर पंचायत बुलाई गई थी, जिस पर परिवार ने नाराजगी के चलते यह कदम उठाया है। पीड़ित के परिजनों को हिरासत में लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
वीडियो वायरल होते ही दौड़ी पुलिस
इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो के संज्ञान में आते ही सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण व मुरसान थाना पुलिस गांव की ओर दौड़ पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और आरोपी पिता व बलराम के बड़े भाई ताराचंद्र को हिरासत में ले लिया। इधर, सुरक्षा की दृष्टि से बलराम, उसकी पत्नी व बेटे को भी थाने लाया गया। देर रात तक पुलिस कार्यवाही में जुटी थी।
