हाथरस। दो बेटियों के बाद घर में बेटे के जन्म की खुशी परिवार के लिए चिंता में बदल गई। गर्भस्थ शिशु के हृदय की गंभीर खामी अल्ट्रासाउंड जांच में पकड़ में नहीं आई। अब मासूम की जान बचाने और न्याय पाने के लिए माता-पिता बड़े अस्पतालों और हाईकोर्ट के चक्कर काट रहे हैं।
नयाबांस, तरफरा निवासी शिवम उपाध्याय के बेटे का जन्म 25 मार्च को हुआ था। उनकी पत्नी का इलाज गुलाटी नर्सिंग होम में चला, जहां पांच अल्ट्रासाउंड कराए गए। इनमें लेवल-टू जांच भी शामिल थी, जिस पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए।
जन्म के बाद बच्चा नीला पड़ गया, जिसे दो घंटे ऑक्सीजन पर रखा गया। शहर के एक बाल रोग विशेषज्ञ ने बच्चे को सही बताया और 27 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर पर हालत बिगड़ने पर दूसरे बाल रोग विशेषज्ञ ने दिल में दिक्कत का अंदेशा जताया। आगरा में ईको जांच से पता चला कि बच्चा सिंगल वेंट्रिकल डिफेक्ट से जूझ रहा है। यह एक जटिल जन्मजात हृदय दोष है।
आठ दिन की उम्र में बच्चे को आया अटैकमाता-पिता बच्चे को दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल ले गए। महज आठ दिन की उम्र में बच्चे को रात ढाई बजे अटैक आया। उसे फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट, दिल्ली की इमरजेंसी में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके बाद पीडीए स्टंटिंग की गई और सात दिन बाद छुट्टी मिली। करीब दो महीने 20 दिन बाद ऑक्सीजन लेवल फिर गिरा, जिस पर ओपन हार्ट ग्लेन सर्जरी करनी पड़ी। अब बच्चा करीब आठ महीने का है और तीन वर्ष की उम्र में फॉनटेल सर्जरी होनी है। इस पूरे उपचार में परिवार के करीब 25 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
न्याय के लिए संघर्ष
शिवम ने बताया कि हर जगह निराशा मिलने पर उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 26 नवंबर को कोर्ट में अगली तारीख है और बृहस्पतिवार को जवाब दाखिल करना है। इसी कारण आनन-फानन सेंटर को सील कर दिया गया। न्यायालय जाने से पहले उन्होंने सीएमओ कार्यालय, जिलाधिकारी और शासन में भी शिकायत की थी, पर कहीं सुनवाई नहीं हुई। पिता ने कहा कि वे अपने बच्चे को बचाने के साथ-साथ न्याय के लिए भी लड़ेंगे।
डीएम के निर्देश पर शिकायत के आधार पर ही जांच की गई और फिर अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील किया गया। मामला गंभीर है, इसलिए गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाली कमियों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
-डाॅ. वेदप्रकाश, सीएमओ
