मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला की रहने वाली मुस्कान ने यूपी झांसी के एक अधेड़ से पहले जान पहचान कर ली। फिर इसके बाद धीरे-धीरे विश्वास में लेकर अपना खेल शुरू कर दिया। अधेड़ युवक को अपने पास टीकमगढ़ बुलाया जहां पर अपने अन्य साथियों की मदद से उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगी। वीडियो वायरल न करने की रकम 6 लाख में तय हुई। घबराकर पीड़ित ने अपने भतीजे से रूपये लाने को कहा लेकिन भतीजा रूपयों के साथ पुलिस के पास पहुंचा पूरा मामला बताया इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने अपना जाल बिछाया और मुस्कान को दबोच लिया। युवती के एक और साथी को पुलिस ने पकड़ लिया है अन्य एक की तलाश में जुट गई है।
एक साल पहले हुई थी पहचान
मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़ित चरन सिंह पटेल ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व मऊरानीपुर मेले में मुस्कान से परिचय हुआ था। जिसने विश्वास में लेकर उन्हें टीकमगढ़ बुलाया। वहां पर मुस्कान के साथ इरफान खान एवं जुबेर खान मिले और तीनों ने मिलकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर 6 लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर 20 हजार रुपये छीन लिये।
पुलिस ने बिछाया जाल, जगह की तय
चरण सिंह ने घबराकर अपने भतीजे धीरू पटेल को फोन लगाया। वह फिरौती के 6 लाख रुपए लेकर शुक्रवार शाम टीकमगढ़ आया। टीकमगढ़ कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिये फिरौती की राशि लेकर धीरू पटेल को बताए गए पते पर भेजा। जैसे ही लड़की और उसके साथ ही पैसे लेने वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें घेरा बंदी कर दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। पीड़ित को सुरक्षित थाने लाया गया। इरफान खान समेत दो आरोपी अभी फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि लड़की और उसके साथियों के आपराधिक पुलिस रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
और लोगों को शिकार बनाकर ऐंठ चुकी मोटी रकम
टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा तथा एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र छारी ने कार्रवाई करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। जिसमें मुख्य आरोपी महिला मुस्कान को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में भेजा। जहां से उसे जेल भेजा गया है। आरोपी इरफान खान को गिरफ्तार किया गया। दूसरे आरोपी जुबेर खान की तलाश हेतु पुलिस की विशेष टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि लड़की और उसके साथियों के आपराधिक पुलिस रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बताया गया कि पहले भी युवती और भी लोगों को ब्लैकमेल कर मोटी रकम और ऐंठ चुकी है।
