सपा विधायक अतुल प्रधान के आवास पर शुक्रवार को पत्रकारों के सामने आंख, हाथों की उंगलियां और पैरों पर चोट के नीले निशान दिखाकर भाकियू (बीआर आंबेडकर) के अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव फूट-फूटकर रो पड़े। दोनों किसान नेताओं ने दो दिन पहले एसएसपी कार्यालय में पुलिस की ओर से किए गए अमानवीय बर्ताव की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय और इंस्पेक्टर सिविल लाइन अखिलेश गौड़ ने उन्हें बेरहमी से पीटा। बर्बरता की हद पार करते हुए आंखों पर बूट से प्रहार किया। इससे आंख पर गंभीर चोटें आई और दांत तक टूट गए। दावा किया कि पुलिस उनका एनकाउंटर करना चाह रही थी।
