भारत में हाइब्रिड कारों का बाजार तेजी से बढ़ने वाला है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने भी अपने एक बयान में कहा था कि Plug-in Hybrid Vehicles यानी PHEV भारत को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर ले जाने का सबसे प्रभावी रास्ता हो सकते हैं। मंत्री ने आगे कहा कि आज मुझे लगता है कि प्लग-इन हाइब्रिड शायद पूरे देश को इलेक्ट्रिक बनाने का सबसे अच्छा तरीका हो सकता है। ऐसे में अच्छी बात यह है कि मारुति सुजुकी, किआ, ह्ययूंदै और महिंद्रा जैसी कंपनियां नई Hybrid कारें लॉन्च करने की तैयारी में हैं। इनमें शानदार माइलेज, कम उत्सर्जन और ईवी जैसी रेंज टेंशन से राहत मिलेगी। जानिए आने वाली फ्रोंक्स हाइब्रिड, सेल्टोस हाइब्रिड और क्रेटा हाइब्रिड जैसी कारों की कीमत, फीचर्स और संभावित लॉन्च डिटेल्स के बारे में…
क्यों बढ़ रही है Hybrid Cars की डिमांड?
पहले जान लेते हैं कि इसकी मांग क्यों बढ़ रही है। दरअसल, हाइब्रिड कार्स उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प मानी जा रही है, जो पेट्रोल कार से बेहतर माइलेज चाहते हैं, लेकिन रोज-रोज ईवी चार्ज करने से भी बचना चाहते हैं। इससे खासकर शहर के ट्रैफिक में फ्यूल की बचत काफी बढ़ जाती हे। मजबूत हाइब्रिड सिस्टम छोटी दूरी तक कार को सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड पर भी चला सकता है।
जानिए जल्द लॉन्च होने वाली एसयूवी के बारे में…
Maruti Suzuki Fronx Hybrid: 30kmpl माइलेज वाला किफायती विकल्प
मारुति सुजुकी अपनी लोकप्रिय फ्रोंक्स एसयूवी का हाइब्रिड वर्जन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि इसमें कंपनी का नया इन-हाउस सिरीज हाइब्रिड सिस्टम मिलेगा। इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन केवल बैटरी चार्ज करने का काम करेगा, जबकि इलेक्ट्रिक मोटर कार को ड्राइव करेगी। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यह एसयूवी 30 km/l या उससे ज्यादा माइलेज दे सकती है। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत करीब दस से 11 लाख के बीच हो सकती है। किफायती कीमत में हाइब्रिड टेक्नोलॉजी चाहने वालों के लिए यह बड़ा विकल्प बन सकती है।
Hyundai Creta Hybrid: अब और ज्यादा फ्यूल एफिशिएंट होगी क्रेटा
ह्यूंदै भी अपनी बेस्टसेलिंग क्रेटा एसयूवी का हाइब्रिड मॉडल लाने जा रहा है। इस नई जनरेशन क्रेटा को के3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा और इसमें 1.5 नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स मिल सकती हैं। कंपनी का फोकस बेहतर माइलेज और लो इमिशन पर हो सकता है। अनुमान है कि यह SUV करीब 25 km/l तक का माइलेज दे सकती है। कीमत की बात करें तो यह करीब 16 लाख रुपये तक हो सकती है।
Kia Seltos Hybrid: प्रीमियम सेगमेंट में एंट्री लेने की तैयारी
किआ भी भारतीय बाजार में सेल्टोस हाइब्रिड लॉन्च करने की योजना बना रही है। यह एसयूवी SUV 1.5L पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के कॉम्बिनेशन के साथ आ सकती है। माना जा रहा है कि इसमें बेहतर माइलेज के साथ प्रीमियम डिजाइन और एडवांस फीचर्स देखने को मिलेंगे। इसकी संभावित कीमत 13 लाख से 25 लाख रुपये के बीच हो सकती है। यह गाड़ी उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो ज्यादा प्रीमियम और बड़े विकल्प की तलाश में हैं।
Kia Sonet Hybrid: शहरों ग्राहकों और युवाओं को कर सकती है आकर्षित
इसके अलावा किया अपनी सोनेट SUV का भी हाइब्रिड वर्जन ला सकती है। इसमें नया 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और हाइब्रिड सिस्टम मिलने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह SUV 22-25 km/l तक का माइलेज दे सकती है। फीचर-लोडेड केबिन और शहरों में आसान ड्राइविंग इसकी बड़ी खासियत हो सकती है। खासतौर पर युवा और शहरी ग्राहकों के लिए यह एक आकर्षक हाइब्रिड एसयूवी साबित हो सकती है।
Mahindra XUV 7XO Hybrid: बड़ी SUV में भी मिलेगा शानदार माइलेज
महिंद्रा अपनी नई XUV 7XO SUV का Hybrid वर्जन भी बाजार में ला सकती है। इसमें 2.0L टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की संभावना है। यह मिड-साइज 7-सीटर SUV करीब 25 km/l तक का माइलेज दे सकती है, जो इस बड़े सेगमेंट के लिए काफी बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इसकी संभावित कीमत करीब 30 लाख से कम रह सकती है। बेहतर माइलेज, ज्यादा स्पेस और मजबूत फीचर्स की वजह से यह फैमिली SUV सेगमेंट में बड़ा विकल्प बन सकती है।
