कोंच। आजाद नगर वार्ड में सड़क से उखाड़ी गईं इंटरलॉक ईंटें बुधवार को शाम में एक मदरसे से बरामद की गईं। ईंटों को पालिका परिसर में रखवाया गया है। ईओ इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कह रही हैं। वहीं, जिस मदरसे में ईंटें मिलीं उसका अध्यक्ष गोलमोल जवाब दे रहा है। इंटरलॉक ईंटें गायब होने के मामले में एसडीएम ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की थी।
कस्बे के आजाद नगर वार्ड नंबर-20 में कढोरे राठौर के मकान से गुफरान सिद्दीकी के मकान तक 2021 में साढ़े चार लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। हफ्तेभर पहले सड़क की सारी ईंटें उखाड़कर गायब कर दी गईं थीं। पालिका को इसकी भनक तक नहीं लगी। पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता व ईओ मोनिका उमराव ने प्रकरण से अनभिज्ञता जताई थी।
मामले को 20 अगस्त के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद एसडीएम ज्योति सिंह ने टीम गठित की। टीम में नायब तहसीलदार सादुल्ला खा, पालिका ईओ मोनिका उमराव व कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह शामिल थे। टीम ने बुधवार की शाम चोरी से उखाड़ी गईं ईंटें आजाद नगर वार्ड नंबर-14 में अंजुमन इस्लामिया मदरसा से बरामद की हैं।
टीम ने मौके पर नगर पालिका कर्मचारियों को बुलाकर ट्रैक्टर से ईंटें भरवाकर नगर पालिका के गोदाम में भिजवा दिया। ईओ मोनिका उमराव का कहना है कि सड़क से उखाड़ी गई ईंटें बरामद कर ली गई हैं। ईंटें पालिका परिसर में रखवाई जा रही हैं। जल्द की उच्चाधिकारियों से बात कर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
उधर, सड़क से चोरी छिपे उखाड़ी गईं इंटरलॉक ईंटों के मदरसे से बरामद होने के बाद कोतवाली पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि मामले में ईओ के माध्यम से शिकायती पत्र मिला है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
