पर्वत सिंह बादल ( ब्यूरो चीफ जालौन) ✍️
(उरई जालौन) उरई: जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 25, 30 तथा 01 नवम्बर 2026 को प्रस्तावित परीक्षा के मद्देनजर जनपद में 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा में कुल 29,952 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिलाधिकारी समीर ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए। संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और यदि कहीं कोई कमी हो तो उसे परीक्षा से पहले ही दूर करा लें। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सघन निगरानी की जाएगी। साथ ही, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने तथा अभ्यर्थियों को सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
