एट। कानपुर-झांसी हाईवे पर शनिवार को तेज रफ्तार आलू से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। हादसे के बाद चालक और खलासी केबिन में फंस गए। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
एट थाना क्षेत्र में पिरौना चौकी के पास चालक जसवंतनगर के मैनपुरी थाना क्षेत्र के नगला हंसमुख गांव निवासी विपिन कुमार (35) आलू भरकर मऊरानीपुर, झांसी जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। चालक और खलासी केबिन में फंस गए।
हादसे की सूचना पर रौनक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से बाहर निकाला। पिरौना चौकी प्रभारी बृजेश यादव ने बताया कि चालक और खलासी सुरक्षित हैं। दोनों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका मौके पर उपचार कराया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक पलटने की सूचना वाहन मालिक को दे दी गई है। (संवाद)
