उरई। किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन ने जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया। किसानों ने हवन और माल्यार्पण कर उनके संघर्षों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। इस दौरान किसानों ने बोआई के समय खाद की समस्या, निजी नलकूपों को पर्याप्त बिजली न मिलने और अतिवृष्टि से खराब हुई खरीफ की फसल का मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों के हक और अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके संघर्षों को याद करते हुए किसानों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
किसानों ने कहा कि इस समय रबी की बोआई शुरू हो चुकी है, लेकिन खाद लेने के लिए किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि फार्मर आईडी की अनिवार्यता के बजाय आधारकार्ड और खतौनी के आधार पर किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय से बोआई हो सके। निजी नलकूपों को कम से कम 10 घंटे बिजली देने की मांग भी की गई।
किसानों ने कहा कि अतिवृष्टि से खरीफ की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने के साथ फसल बीमा का लाभ भी दिलाया जाए। इस दौरान लल्लूराम, रामप्रताप, चतुर सिंह, रामेश्वर दयाल, प्रेमदास, मैथिली शरण तिवारी, दिनेश राठौर, चित्तर सिंह, दशरथ, वृंदावन, कमलेश,लाखन सिंह आदि रहे।
जालौन में पंचायत कर सौंपा ज्ञापन
जालौन। गल्ला मंडी में भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत तहसील अध्यक्ष देवसिंह पटेल के नेतृत्व और रामस्वरूप की अध्यक्षता में हुई। पंचायत में चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती पर हवन व माल्यार्पण किया गया। किसानों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अभिनव राज को सौंपा गया। इस दौरान रामपाल सिंह सेंगर, धर्मेंद्र सिंह, उत्तम कुमार, रिषभ पटेल, भगवत सिंह, गोविंद सिंह आदि रहे। (संवाद)
