कोंच। कस्बे के गांधीनगर में मंगलवार देर शाम महिला का शव घर के अंदर फंदे से झूलता मिला। ट्यूशन से लौटे बच्चों ने मां का शव लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। पुलिस जांच में जुटी है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधीनगर निवासी श्याम लोहिया की पत्नी आशा देवी उर्फ रिंकी (36) मंगलवार शाम घर पर अकेली थीं। उनके दो बेटे और एक बेटी ट्यूशन पढ़ने गए थे, जबकि पति काम से बाहर थे। शाम को बच्चे घर लौटे तो छत पर लगे लोहे के जाल से साड़ी के फंदे के सहारे मां का शव लटका देखा। यह देखकर बच्चों की चीख निकल गई। उन्होंने बाहर आकर पड़ोसियों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, आशा देवी मानसिक रूप से कमजोर थीं। बताया गया कि श्याम लोहिया की पहली पत्नी ने करीब 14 वर्ष पहले आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पहली पत्नी से कोई संतान नहीं थी। इसके करीब दो वर्ष बाद श्याम ने आशा देवी से शादी की थी। उसका मायका प्रताप नगर मोहल्ले में ही है, जबकि श्याम नदीगांव रोड पर होटल चलाते हैं।

कोतवाल निगवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *