जालौन। दिल्ली जाने के लिए बस में सवार एक युवक चलती बस से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बस संचालक और कंपनी के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के चुर्खीवाल मोहल्ला निवासी सुबोध कुमार प्रजापति ने बताया कि उनका भतीजा अमन 21 अक्तूबर की रात करीब सवा नौ बजे दिल्ली जाने के लिए देवनगर चौराहे से फौजी ट्रेवल्स की बस में सवार हुआ था। उसे बस में सबसे पीछे की सीट दी गई थी। सीट के पीछे पर्दा पड़ा था। अमन सीट पर टिककर बैठा था। इसी दौरान बस के आगे-पीछे होने पर वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पीड़ित सुबोध कुमार ने पुलिस से शिकायत कर बस संचालक और कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
