उरई। हरदोई जिले के निवासी उरई में तैनात रहे बर्खास्त सिपाही देश दीपक वर्मा (44) की बुधवार रात मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। वह संडीला के निराला नगर स्थित आवास से बाजार जा रहे थे। रेलवे ट्रैक पार करते समय हरदोई की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए।

देश दीपक उरई पुलिस लाइन में तैनात थे। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के अनुसार वह 19 जनवरी 2023 से बर्खास्त चल रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

देश दीपक वर्मा के खिलाफ 31 मार्च 2022 की रात उरई पुलिस लाइंस की आरक्षी बैरक में साथी सिपाही सुरेश चंद्र मिश्रा पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हुआ था। उस समय देश दीपक उरई कोतवाली में तैनात थे, जबकि सुरेश चंद्र मिश्रा पुलिस लाइंस की गारद में तैनात थे।

बताया गया कि दोनों रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच बैरक में साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर देश दीपक ने सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर सुरेश चंद्र मिश्रा पर कई वार कर दिए। पेट और गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू लगने से सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

चीख सुनकर बैरक में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर देश दीपक को पकड़ लिया और घायल सुरेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद किया था।

मामले में उरई कोतवाली में देश दीपक के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें