कालपी (उरई)। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर छौंक गांव के पास बुधौलिया पेट्रोल पंप के सामने खड़े डंबर के केबिन में युवक का शव मिला। पुलिस की जांच में सामने आया कि कानपुर देहात के भोगनीपुर क्षेत्र में सड़क पार करते समय युवक डंपर की चपेट में आकर था। डंपर चालक उसे इलाज के बहाने वाहन में बैठाकर ले गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद चालक शव समेत डंपर को छोड़कर भाग हो गया।

झांसी-कानपुर हाईवे किनारे कालपी क्षेत्र में डंपर काफी देर से खड़ा होने की सूचना पर ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डंपर के केबिन की तलाशी लेने पर एक युवक का शव मिला। क्षेत्राधिकारी राजेश कमल और कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने युवक की जेब से मिली एक पर्ची और मोबाइल नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से देर रात युवक की पहचान हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र के मोराकांदर परसनी गांव निवासी निवासी अरुण कुमार (26) के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि अरुण कुमार गुरुवार दोपहर शताब्दी बस से दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। शाम को भोगनीपुर क्षेत्र में बस रुकने पर वह शौच के लिए उतरा था। लौटते समय सड़क पार करते हुए डंपर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक उसे उपचार के लिए ले जाने की बात कहकर डंपर में बैठा ले गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घबराए चालक ने डंपर को कालपी क्षेत्र में हाईवे किनारे छोड़ दिया और मौके से भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल भोगनीपुर थाना क्षेत्र में होने के कारण मुकदमा वहीं दर्ज किया जाएगा। परिजनों ने भोगनीपुर पुलिस को तहरीर दे दी है।

सात माह पहले बजी थी शहनाई, अब घर पहुंचा शव

अरुण कुमार की शादी महज सात माह पहले हुई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वह रोजगार की तलाश में दिल्ली जा रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें