उरई। ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने डायल-112 में तैनात चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी पर ड्यूटी के दौरान निर्धारित स्थान पर मौजूद न रहने और सरकारी वाहन छिपाकर खड़ा करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्तूबर की रात पीआरवी 9684 पर तैनात आरक्षी चंद्रपाल और पवन नागर टाउन हॉल चेकिंग प्वाइंट पर रहने के बजाय उरई रेलवे स्टेशन के सामने निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिले थे। वहीं, चार अक्तूबर की सुबह 4:50 बजे पीआरवी 8661 पर तैनात मुख्य आरक्षी केवलदास और महिला आरक्षी प्रतिभा भी उसी बिल्डिंग में पहुंच गए थे। आरोप है कि उन्होंने सरकारी वाहन को गली में छिपाकर खड़ा कराया था। एसपी ने चारों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (संवाद)

