सिरसा कलार। थाना क्षेत्र के तरसौर गांव में सोमवार को गोशाला के पास स्थित तालाब के किनारे करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। ग्रामीणों के मुताबिक अजगर ने तालाब में तैर रही एक बतख का शिकार कर लिया। इसके बाद वह दूसरी बतख की ओर बढ़ा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे बचा लिया। लोगों का कहना है कि अजगर ने तालाब में कई बड़ी मछलियों का भी शिकार किया।
लोगों का कहना है कि तालाब के पास छोटे-छोटे बच्चे खेलते हैं और घरों के बाहर बकरियों के बच्चे भी बंधे रहते हैं। ऐसे में किसी हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर वन विभाग को भेजा और अजगर को पकड़ने की मांग की। नियामतपुर वन रेंज के अधिकारी कोमल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है। जैसे ही अजगर बाहर निकलेगा, उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जाएगा। (संवाद)
