– पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें नहीं हुईं दुरुस्त, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी
– कहीं लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद, कहीं टोटियां लगने के बाद भी सूखे पड़े कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू की गई जल जीवन मिशन की योजना गांवों में ग्रामीणों के लिए राहत के बजाय मुसीबत बनती जा रही है। कहीं पाइपलाइन बिछाने के नाम पर तीन साल पहले खोदी गई सड़कें अब तक नहीं बनाई गईं तो कहीं पाइपलाइन में लीकेज के कारण हजारों लीटर पानी रोजाना बर्बाद हो रहा है। कई गांवों में घरों के बाहर पाइप डालकर छोड़ दिए गए हैं, लेकिन टोटियां नहीं लगाई गईं। जिन घरों में कनेक्शन दिए गए हैं, वहां भी नियमित और स्वच्छ पानी नहीं पहुंच रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते योजना का लाभ मिलने के बजाय उन्हें आवागमन और पेयजल दोनों समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में इस योजना के क्रियान्वयन में खामियां ही खामियां सामने आईं।
————————
केस-1 : तीन साल से रास्ते खुदे, दलदल से निकलना मुश्किल
सिरसा कलार। नमामि गंगे योजना के तहत तरसौर और बड़ी मढ़ैया गांव में घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदे गए रास्तों की मरम्मत तीन साल बाद भी नहीं कराई गई है। तरसौर गांव की आबादी करीब तीन हजार है। यहां जनक सिंह के प्लॉट से धनपाल के प्लॉट तक पाइपलाइन बिछाने के लिए रास्ता खोदा गया था। काम पूरा होने के बाद सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया। गांव में 30 से अधिक घरों के बाहर प्लास्टिक के पाइप डालकर छोड़ दिए गए हैं। टोटियां नहीं लगाई गईं और लाइन में लीकेज के चलते पानी भी नहीं पहुंच रहा है। इसी तरह करीब दो हजार की आबादी वाले बड़ी मढ़ैया गांव में सुंदर राजपूत के दरवाजे से बलवान के दरवाजे तक तीन साल पहले पक्का रास्ता पाइपलाइन डालने के लिए उखाड़ दिया गया था। अब यहां घरों का पानी जमा होने से दलदल जैसी स्थिति बन गई है।
—————
केस-2 : लीकेज से बह रहा हजारों लीटर पानी, ग्रामीण बूंद-बूंद को परेशान
सिरसा कलार। जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पानी पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में जखा और जहटौली गांव में जगह-जगह लीकेज होने से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। करीब चार हजार की आबादी वाले जखा गांव में प्रमोद प्रजापति, रघुनंदन सिंह, प्रयाग नारायण और रामावतार दीक्षित ने बताया कि लगभग 70 घरों के बाहर पाइपलाइन डालकर छोड़ दी गई है। राम अवतार दीक्षित के दरवाजे पर बड़ा लीकेज होने से दिनभर पानी बहता रहता है। वहीं गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर पुलिया के पास मेन लाइन में लीकेज के कारण पानी नाले में बह रहा है। जिन घरों में पानी पहुंच रहा है, वहां भी दूषित पानी आने की शिकायत है।
करीब 3500 की आबादी वाले जहटौली गांव में बड़े लला, शब्बीर मोहम्मद, मुकेश प्रजापति और शिवकुमार ने बताया कि गली में दो स्थानों पर बड़े लीकेज हैं। पिछले दो महीने से लगातार पानी बह रहा है। शिकायत करने पर जल्द ठीक कराने का आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। गांव के करीब 50 घरों में अब तक टोटियां नहीं लगाई गई हैं।
——————
केस-3 : टंकी खड़ी, पाइपलाइन अधूरी
एट। पिरौना गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी ग्रामीणों के लिए शोपीस बनी हुई है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई टंकी से अब तक घरों तक पानी नहीं पहुंच सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की गलियों में पाइपलाइन बिछाने का काम अधूरा है, जबकि कागजों में योजना पूरी दिखाई जा चुकी है। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर मुख्य रास्तों और गलियों को खोद दिया गया। कई जगह सड़कें अब भी उखड़ी पड़ी हैं। कुछ घरों के बाहर दीवारों और चबूतरों पर टोटियां लगाकर काम पूरा होने की औपचारिकता कर दी गई, लेकिन उनमें आज तक पानी नहीं आया। राजकुमार, तुलसीराम, राजीव नामदेव, पूरन, कमलेश, राजीव तिवारी, शीतल, रामबाबू, राधे, आलोक, जीतू, अंकित, बृजेंद्र, महेंद्र और दीपक ने बताया कि आसपास के गांवों में पांच माह पहले ही पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, लेकिन पिरौना में अब तक पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा नहीं हुआ।
—————–
केस-4 : नौ माह से खुदी सड़क, पानी भी नहीं मिल रहा
कोंच। कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में दिल्ली वाले बगीचे के पास रहने वाले लोग दोहरी समस्या से जूझ रहे हैं। करीब नौ माह पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क की बदहाली के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, पाइपलाइन बिछने के बावजूद घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। सड़क खोदने के बाद उसे उसी हालत में छोड़ दिया गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदारों ने सुध नहीं ली। पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
—————-
विभागीय दावा
– 857 गांवों के सापेक्ष 500 गांवों में शत प्रतिशत सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण।
– 857 गांवों के सापेक्ष 576 गांवाें में नियमित जलापूर्ति।
– लक्ष्य 212069 के सापेक्ष 208592 घरेलू नल कनेक्शन देने का कार्य पूुर्ण।।
———-
वर्जन
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मैन पावर बढ़ाने को कहा गया है। सड़कों की मरम्मत के साथ ही छूटे हुए कनेक्शन देने कार्य जल्द कराया जाएगा।
– अजय कुमार, सहायक अभियंता, नमामि गंगे

फोटो-27 बड़ी मढैया गांव में पाइपलाइन खोदने के बाद दलदल में तब्दील हुआ रास्ता। संवाद

फोटो-27 बड़ी मढैया गांव में पाइपलाइन खोदने के बाद दलदल में तब्दील हुआ रास्ता। संवाद

फोटो-27 बड़ी मढैया गांव में पाइपलाइन खोदने के बाद दलदल में तब्दील हुआ रास्ता। संवाद

