= तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था राकेश, बड़े भाई की पहले हो चुकी मौत, छोटे भाई की जा चुकी है आंखों की रोशनी

संवाद न्यूज एजेंसी

कुठौंद। जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर शंकरपुर गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी राकेश (40) होटल में खाना बनाने का काम करता था। शनिवार को वह बाइक से औरैया जा रहा था। राजपूत ढाबा के पास डिवाइडर के कट से हाईवे पर मुड़ते समय जालौन की ओर से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला।

राकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटे भाई की आंखों की रोशनी जा चुकी है। राकेश की शादी भी नहीं हुई थी। उसकी मौत से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।

————-

डिवाइडर के कट पर झाड़ियों से हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजपूत ढाबा के पास डिवाइडर के कट पर झाड़ियां उगी होने से दूसरी ओर से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे यहां हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से कट के आसपास झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों को सड़क पर आने-जाने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई दें और दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें