कालपी। पुत्रवधू की ओर से दर्ज कराए गए दहेज प्रताड़ना और भरण-पोषण के मुकदमे से परेशान वृद्ध ने फंदा लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस जांच में जुटी है।

कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर गुढ़ा निवासी चरन सिंह निषाद (60) नगर के मोहल्ला आलमपुर में कदौरा फाटक के पास मकान बनाकर रह रहे थे। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चले गए। सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों ने जाकर देखा। उनका शव पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला।

परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही टरननगंज चौकी प्रभारी सुरेश चंद मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार चरन के पुत्र सुनील की पत्नी ने औरैया में पूरे परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और भरण-पोषण का परिवाद दायर कर रखा था। मामले में अदालत से चरन और उसके परिजन के खिलाफ गिरफ्तारी के आदेश जारी होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार औरैया पुलिस कई बार दबिश भी दे चुकी थी। इससे चरन सिंह परेशान रहते थे। प्रथम दृष्टया इसी तनाव के चलते उनके आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *