एट। कानपुर-झांसी हाईवे पर सोमई कट के पास बुधवार शाम करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार ब्रेजा कार आगे जा रही बाइक में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंती में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों और कार सवार दो लोगों समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें कार चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार टड़वा, थाना एट निवासी रामप्रसाद पाल और अरुण चौधरी बाइक से एट कस्बे की ओर जा रहे थे। सोमई गांव के पास हरदोई मोड़ पर उरई की ओर से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी।
हादसे में बाइक सवार रामप्रसाद पाल और अरुण चौधरी तथा कार सवार कानपुर नगर के बर्रा निवासी नंदलाल (55) और प्रांशु (30) घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों की कतार लग गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे लोगों और बाइक सवारों को टोल एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा। चिकित्सकों ने कार चालक की हालत नाजुक बताई है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गई है।
